रायपुर। छत्तीसगढ़ के ट्राइबल विभाग में एक बड़ा घोटाला सामने आया है। आरोप है कि विभाग ने जिस रोटी मेकर मशीन की वास्तविक कीमत 50 से 60 हजार रुपये है, उसे करीब 7.95 लाख रुपये में खरीदा।
सूत्रों के अनुसार, पहले भी विभाग द्वारा बाजार मूल्य से कहीं अधिक दामों पर सामान खरीदे जाने की शिकायतें आती रही हैं। अब सोशल मीडिया पर भी लगातार विभागीय खरीद में गड़बड़ी को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। जिसके बाद विभागीय मंत्री रामविचार नेताम ने प्रमुख सचिव आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग से 7 दिनों में जवाब तलब किया है।
आदेश में लिखा है कि सोशल मीडिया में विभाग द्वारा बाजार दर से काफी अधिक लागत में सामग्री क्रय किये जाने के संबंध में लगातार शिकायत आ रही है। इसी तारतम्य में कलेक्टर, रायपुर (आदिवासी विकास) के द्वारा प्रयास संस्था में अधिक दरों पर रोटी मेकर मशीन खरीदी की शिकायत भी संलग्न है।
उन्होंने लिखा है कि इस संबंध में ज्ञात हुआ है कि प्रयास संस्था के अंतर्गत रोटी मेकिंग मशीन, कम्प्यूटर, कम्प्यूटर टेबल, कुर्सी एवं अन्य उपकरण शासन द्वारा 275 (1) मद अंतर्गत भेजी गई राशि से क्रय किया गया है। अतः उपरोक्त शिकायत की जांच करते हुए 7 दिवस में वस्तुस्थिति से अवगत करावें।



