टीआरपी डेस्क। एप्पल की आईफोन 17 सीरीज 19 सितंबर से भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध हो गई है। इसे खरीदने के लिए दिल्ली और मुंबई के एप्पल स्टोर्स के बाहर रात 12 बजे से ही लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के साकेत मॉल में सुबह से ही भारी भीड़ जमा थी। लोग आईफोन 17 सीरीज को सबसे पहले खरीदने के लिए उत्साहित दिखे, जिसके चलते देर रात से कतारें लगी रहीं।
मुंबई के बीकेसी स्टोर के बाहर भी लोगों का हुजूम उमड़ा। भीड़ के बीच अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। बीकेसी जियो सेंटर स्टोर के बाहर कुछ लोगों में हाथापाई भी हुई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। एक खरीदार मनोज ने बताया कि वह अहमदाबाद से आए हैं और सुबह 5 बजे से कतार में खड़े हैं।
भारत में iPhone की हर नई सीरीज के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा जाता है। इस प्रीमियम फोन को खरीदने के लिए लोग बेसब्री से इंतजार करते हैं। आईफोन 17 सीरीज मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और पुणे के एप्पल स्टोर्स के साथ-साथ कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।


