बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां 5 हजार रुपये मासिक वेतन पाने वाले सफाईकर्मी संतोष चौधरी को आयकर विभाग ने 1 करोड़ 20 लाख रुपये का नोटिस भेजा है। संतोष, जो एक आदिवासी आश्रम में काम करते हैं और पत्नी व दो बच्चों के साथ छोटे से कमरे में रहते हैं, उनका कहना है कि उनके पैन कार्ड का दुरुपयोग हुआ है।
पैन कार्ड से फर्जी लेन-देन
संतोष के अनुसार, 2017-18 में उनके पैन कार्ड पर 55 लाख रुपये से अधिक का लेन-देन दिखाया गया, जो अब ब्याज सहित 1.20 करोड़ रुपये हो गया है। संतोष ने बताया कि कई साल पहले गांव के पूर्व सरपंच ने गाड़ी खरीदने के लिए उनके दस्तावेज लिए थे। सरपंच ने गाड़ी की किस्तें चुकाईं, लेकिन संतोष के बैंक खातों में कोई लेन-देन नहीं दिखा। बता दें, छिंदवाड़ा के एक शोरूम से 55 लाख रुपये का लेन-देन उनके पैन कार्ड पर दर्ज है, जिसका उन्होंने खंडन किया।
पुलिस और आयकर विभाग से शिकायत
संतोष ने पुलिस अधीक्षक और आयकर विभाग में शिकायत दर्ज की है। उन्होंने पैन कार्ड के दुरुपयोग की जांच और कानूनी कार्रवाई रद्द करने की मांग की है। इस मामले ने स्थानीय स्तर पर हड़कंप मचा दिया है।



