रायपुर/भिलाई। भिलाई के दो कोयला व्यापारियों को गुजरात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके ऊपर गुजरात के गांधीधाम निवासी व्यवसायी से 89 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप है। आरोपियों को दुर्ग जिले के कुरूद से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यापारियों के नाम संजय अग्रवाल और सचिन अग्रवाल हैं। वहीं, उनके अन्य साथी संदीप अग्रवाल और राखी अग्रवाल अब भी फरार हैं।

किस तरह हुई धोखाधड़ी..?
गांधीधाम निवासी व्यवसायी पवन मोर ने पुलिस को बताया कि भिलाई के नेहरू नगर के रहने वाले संजय, सचिन, संदीप और राखी अग्रवाल ने उन्हें कोक एक्सपोर्ट में निवेश करने का झांसा दिया। उन्होंने कहा कि निवेश से भारी मुनाफा मिलेगा। इसी बहाने उन्होंने पवन मोर से 89 करोड़ रुपए ले लिए, लेकिन जब निवेश से रिटर्न नहीं आया और रकम वापसी की मांग की गई, तो आरोपी टालमटोल करने लगे। आखिरकार, 8 फरवरी 2025 को पवन मोर ने गुजरात के गांधीधाम बी डिवीजन पुलिस स्टेशन में सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।

फरार आरोपियों की तलाश में थी पुलिस
शिकायत दर्ज होने के बाद से सभी आरोपी फरार हो गए थे। गुजरात पुलिस लगातार इनकी तलाश में थी। 17 सितंबर 2025 को गुजरात पुलिस की टीम दुर्ग जिले के कुरूद पहुंची और यहां एक भाजपा नेता के रिश्तेदार के घर पर छापेमारी की। इस दौरान संजय और सचिन अग्रवाल छिपे हुए मिले, जिन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
पीड़ित ने लगाया ये आरोप
पीड़ित पवन मोर ने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण मिलने की वजह से आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी हुई। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय पर कार्रवाई होती, तो और लोग ठगी का शिकार होने से बच जाते।
कई लोगों को बनाया ठगी का शिकार
गुजरात पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों पर केवल गांधीधाम ही नहीं बल्कि अहमदाबाद, मुंबई और कोलकाता में भी लगभग 200 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। यह अंदेशा जताया जा रहा है कि इनके नेटवर्क से और भी बड़े घोटाले सामने आ सकते हैं।



