रायपुर। छत्तीसगढ़ बीजेपी ने कांग्रेस के खिलाफ दो कार्टून जारी कर सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। पहले कार्टून में जेन-Z को राहुल गांधी को लात मारते दिखाया गया है। दूसरे कार्टून में लिखा है, “छत्तीसगढ़ कांग्रेस में मची रार, कांग्रेस की रैली में रुपये बांटने के बाद भी नहीं जुट रही भीड़।” इसमें कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व सीएम भूपेश बघेल को दर्शाया गया है। बीजेपी आईटी सेल ने इन कार्टूनों को फेसबुक और एक्स पर शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो गए। कांग्रेस नेताओं ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

बीजेपी को प्रतिनिधि नियुक्त करना चाहिए: बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी को कांग्रेस की रैलियों के लिए एक प्रतिनिधि नियुक्त करना चाहिए। उन्होंने कहा, “हम प्रतिनिधि को मंच पर जगह देंगे, ताकि वे बीजेपी के आला नेताओं को हमारी रैलियों की भीड़ और कार्यक्रमों की सही जानकारी दे सकें। बैज ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अपनी सभाओं की वीडियोग्राफी करवानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभाओं में पैसे देकर भीड़ जुटाई जाती है। अगर आप कहें तो हम वीडियो भेज सकते हैं।”

See also  छत्तीसगढ़ के 1200 लोगों ने बीते साल छोड़ा तम्बाकू सेवन, इससे होने वाली बीमारियों से हर साल 13 लाख मौतें, 250 तरह के केमिकल कैंसर का खतरा

कांग्रेस ने दी एफआईआर की चेतावनी

कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने बीजेपी की सोशल मीडिया सेल पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बीजेपी लगातार कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और उनके परिजनों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रही है। ठाकुर ने कहा, “हम इस मामले की शिकायत पुलिस से करेंगे और बीजेपी नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए आला नेताओं से चर्चा करेंगे।” उन्होंने सवाल उठाया कि बीजेपी शासित राज्य में कांग्रेस नेताओं और उनके परिजनों पर टिप्पणी करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी या नहीं।