टीआरपी डेस्क। Sari Controversy : महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण इलाके से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां BJP कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से कांग्रेस नेता मामा पगारे को बीच बाजार घेरकर जबरदस्ती साड़ी पहनाई और इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

पगारे को क्यों पहनाई साड़ी ?

इस पूरी घटना की जड़ एक फेसबुक पोस्ट को बताया जा रहा है। आरोप है कि 72 वर्षीय मामा पगारे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी एक विवादित तस्वीर (जिसमें प्रधानमंत्री साड़ी पहने दिखाई दे रहे थे) अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर री-पोस्ट किया था। इससे नाराज BJP कार्यकर्ताओं ने बदला लेने की नीयत से यह कदम उठाया।

BJP कार्यकर्ताओं पर मामा पगारे का आरोप

मीडिया से बातचीत में मामा पगारे ने कहा, “मैं अस्पताल से लौट रहा था, तभी करीब 10-12 लोगों ने मुझे घेर लिया। उन्होंने मुझसे पूछा, ‘तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई पीएम मोदी के बारे में बोलने की?’ फिर उन्होंने मुझे जबरदस्ती साड़ी पहनाई और मुझे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया।”

See also  Oppo के ये दो धांसू स्मार्टफोन लॉन्च, एक से बढ़कर एक फीचर्स से हैं लैस, जानें कीमत…

पगारे ने बताया कि उन्होंने केवल एक फेसबुक पोस्ट को री-पोस्ट किया था, जिसे खुद उन्होंने नहीं बनाया। वे इस पूरी घटना से सदमे में हैं और इसे न सिर्फ उनका बल्कि पूरे समाज का अपमान बता रहे हैं।

कानूनी कार्रवाई की तैयारी

कांग्रेस नेता मामा पगारे ने ऐलान किया है कि वे इस घटना को लेकर कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पगारे ने कहा “यह सिर्फ मेरे साथ बदसलुकी नहीं है, यह लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है।”

राजनीतिक माहौल गरम

यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है जब महाराष्ट्र में राजनीतिक तापमान पहले से ही उबाल पर है। कांग्रेस ने इस हरकत को राजनीतिक बदले की भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन बताया है।

Sari Controversy : बहरहाल, प्रशासन या पुलिस की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन घटना के वायरल वीडियो को देखते हुए जल्द ही कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।

See also  निर्भया केस: दोषी विनय शर्मा की याचिका सुप्रीम कोर्ट में खारिज