रायपुर। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ को 3,462 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर आवंटन जारी किया है। यह रकम सामान्य मासिक कर हिस्सेदारी के अलावा दी गई है, जो 10 अक्टूबर को जारी होनी थी। इस कदम से छत्तीसगढ़ सरकार को विकास और कल्याण योजनाओं में तेजी लाने तथा नई पूंजीगत परियोजनाओं में निवेश करने में मदद मिलेगी।
केंद्र ने सभी राज्यों को मिलाकर कुल 1,01,603 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आवंटन दिया है। इसमें उत्तर प्रदेश को 18,227 करोड़, बिहार को 10,219 करोड़, मध्य प्रदेश को 7,976 करोड़, पश्चिम बंगाल को 7,644 करोड़, राजस्थान को 6,123 करोड़ और महाराष्ट्र को 6,418 करोड़ रुपये मिले हैं। वहीं झारखंड को 3,360 करोड़, कर्नाटक को 3,705 करोड़, ओडिशा को 4,601 करोड़ और तमिलनाडु को 4,144 करोड़ रुपये दिए गए हैं। छोटे राज्यों को भी उनकी हिस्सेदारी के मुताबिक राशि जारी की गई है।
इसपर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया है। सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि कर हस्तांतरण के अंतर्गत छत्तीसगढ़ को ₹3,462 करोड़ स्वीकृत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का हार्दिक आभार।
उन्होंने लिखा कि इस पावन अवसर पर, यह आवंटन वास्तव में मोदी सरकार की ओर से राज्य की जनता के लिए एक उल्लेखनीय उपहार है। यह महत्वपूर्ण राशि वित्तीय संसाधनों को और सुदृढ़ करेगी, विकास परियोजनाओं को गति प्रदान करेगी और कल्याणकारी पहलों को बढ़ावा देगी। हमारी दोहरी इंजन वाली सरकार छत्तीसगढ़ में निरंतर प्रगति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।


