कांकेर। बस्तर क्षेत्र के कांकेर लोकसभा के सांसद भोजराज नाग अपने हुलिए और देवी–देवताओं के बैगा पद्धति से पूजापाठ के लिए जाने जाते हैं। इसी कड़ी में नवरात्रि में दुर्गा नवमी पर ज्योति कलश विसर्जन कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग एवं क्षेत्र के दीवान, पुजारी सहित भारी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। इस दौरान सांसद भोजराज नाग पर देवी सवार हुई, जिसके बाद वे झूमने लगे। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
कलश यात्रा के दौरान हुआ वाकया
कांकेर लोकसभा के सांसद भोजराज नाग जो नवरात्र के अवसर पर कलश यात्रा पर अपने गृह स्थान अंतागढ के मां आमाबुदिन शीतला मंदिर पहुंचे, जहां सांसद नाग पर देवी सवार हुई और वे झूमने लगे, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
इस मौके पर बैगा ने झूम रहे सांसद नाग को देवी पूजा करके शांत कराया। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में नवरात्रि और देवी देवताओं के पूजापाठ के मौके पर अक्सर इस तरह के नजारे देखने को मिलते हैं, मगर जिस तरह एक जनप्रतिनिधि भी ऐसे मौके पर स्वाभाविक तौर पर झूमने लगते हैं, उससे लोगों का आश्चर्य में पड़ना स्वाभाविक है।



