टीआरपी। durga pratima visarjan : शारदीय नवरात्रि पर पूरे नौ दिनों तक अनेक प्रसिद्ध देवी मंदिरों में भक्ति उल्लास का माहौल छाया रहा। मनोकामना जोत और देवी प्रतिमा का दर्शन करने के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु उमड़े। इसके अलावा विविध मोहल्लों के पंडालों में विराजित दुर्गा प्रतिमाओं को देखने के लिए भक्तों की कतार लगी रही। हवन, कन्या पूजन के पश्चात विजयादशमीं के दिन सुबह से दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला शुरू हुआ। नौ दिनों तक पंडालों में भक्तिभाव से पूजा करने वाले श्रद्धालुओं की आंखें छलक उठीं, जब उन्होंने विसर्जन कुंड में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया। प्रतिमाओं के विसर्जित होते तक श्रद्धालु प्रतिमाओं को निहारते रहे।
दो दिन में 475 प्रतिमाएं विसर्जित
नगर निगम रायपुर ने महादेवघाट के समीप विसर्जन कुंड में प्रतिमाओं के विधिवत विसर्जन की व्यवस्था की है। निगम से मिली जानकारी के अनुसार विजयादशमीं के दिन से लेकर शुक्रवार को दोपहर तक 475 से अधिक बड़ी मूर्तियों का विसर्जन किया जा चुका है। महापौर मीनल चौबे और आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर विसर्जन कुंड स्थल पर विशेष रूप से गोताखोरों की व्यवस्था की गई है ताकि अप्रिय घटना होने से रोका जा सके। विसर्जन का सिलसिला चार अक्टूबर तक चलेगा।



