टीआरपी डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का इंतजार खत्म होने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीखों और पूरे शेड्यूल की घोषणा करेगा। माना जा रहा है कि इस बार राज्य में दो चरणों में मतदान कराए जा सकते हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को पटना में हुई प्रेस वार्ता में यह स्पष्ट किया था कि विधानसभा चुनाव 22 नवंबर से पहले हर हाल में संपन्न हो जाएगा, क्योंकि इसी दिन वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल खत्म हो रहा है।

आयोग ने 4 और 5 अक्टूबर को बिहार का दौरा कर राजनीतिक दलों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस और सिविल सोसाइटी प्रतिनिधियों से बैठकें की थीं। इस दौरान कानून-व्यवस्था, खर्च नियंत्रण और मतदान केंद्रों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए दिया सुझाव

राजनीतिक दलों ने चरणों की संख्या और त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए अपने सुझाव दिए। बताया जा रहा है कि छठ पूजा और दिवाली के बीच की अवधि को ध्यान में रखते हुए मतदान की तिथियां तय की गई हैं। संभावना है कि मतदान अक्टूबर के अंतिम सप्ताह या नवंबर की शुरुआत में कराया जाएगा।

See also  देवती कर्मा की जीत से कांग्रेस गदगद, शैलेश बोले- भूपेश सरकार के सकारात्मक कार्यो की जीत

प्रत्येक मतदान केंद्र में 1,200 मतदाताओं को मतदान करने की अनुमति

इस बार प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाताओं को ही मतदान की अनुमति होगी, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। अब पूरे राज्य की नजरें चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जहां चुनावी मुकाबले की अंतिम तस्वीर साफ होगी।