टीआरपी डेस्क। DMC Hospital : कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर ने सीनियर आयुर्वेदिक डॉक्टर पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

क्या है पूरा मामला ?

ट्रेनी डॉक्टर पिछले 3 महीनों से आयुष विंग विभाग में प्रशिक्षण ले रही है। किसी काम के चलते वह विभाग के स्टाफ रूम पहुंची, जहां सीनियर डॉक्टर एके मिश्रा पहले से मौजूद थे। एक अन्य स्टाफ की उपस्थिति में, डॉक्टर मिश्रा ने ट्रेनी डॉक्टर से कहा, “तुम्हारी तबीयत ठीक नहीं लग रही है, मैं चेकअप कर देता हूं।” पीड़िता ने बताया जब उसने मना किया तो डॉ. मिश्रा ने जबरदस्ती उसका शरीर को छूने की कोशिश की।

किसी तरह ट्रेनी डॉक्टर वहां से बाहर निकली और सीधे जाकर कॉलेज के डीन से इस पूरी घटना की शिकायत की। बाद में उसने अपने परिजनों को भी पूरी घटना से अवगत कराया, ट्रेनी डॉक्टर के परिजन अगले दिन कोरबा पहुंचे और सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई।

See also  मेरठ के जल्‍लाद पवन ने कहा -चारों दोषियों को फांसी पर लटकाने को तैयार

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ IPC की धारा 354 (छेड़छाड़) के तहत FIR दर्ज की है। ASP नीतीश ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही दोनों पक्षों के बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कॉलेज प्रशासन की प्रतिक्रिया

मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. केके सहारे ने बताया कि ट्रेनी डॉक्टर ने सीनियर डॉक्टर के खिलाफ लिखित शिकायत दी है, कॉलेज की आंतरिक शिकायत निवारण समिति भी पूरे मामले की जांच करेगी। दोनों पक्षों से बयान लेकर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।