टीआरपी डेस्क। हरियाणा के वरिष्ठ IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या से विभाग में सनसनी फैल गई। जब उन्होंने सुसाइड किता तो घर में उनके कोई भी रिश्तेदार नहीं थे। उनकी पत्नी भी CM नायब सिंह सैनी के साथ जापान दौरे पर थी। जैसे ही उनके पास पति की मौत की खबर पहुंची तो वे आज भारत वापस लौटी। बता दे कि वाई पूरन कुमार की पत्नी अमनीत पी. कुमार, IAS अफसर है। उनकी मौजूदगी में आज (8 अक्टूबर) पोस्टमॉर्टम होना था, लेकिन आज नहीं हो पाया। उनकी IAS पत्नी अमनीत पी. कुमार ने इस पर सहमति नहीं दी है। उन्होंने कहा कि बड़ी बेटी के अमेरिका से लौटने के बाद ही पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार किया जाएगा। फिलहाल पूरन कुमार का शव चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल में रखा गया है।

अमनीत पी. कुमार बुधवार सुबह जापान से लौटीं और सीधे सेक्टर-24 स्थित अपने सरकारी आवास पहुंचीं। यहां हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी समेत कई वरिष्ठ IAS और IPS अफसरों ने उनसे मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, पति की आत्महत्या को लेकर अमनीत बेहद आक्रोशित नजर आईं और उन्होंने अफसरों से कहा कि जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। बैठक में अधिकारी लगातार यह सफाई देते रहे कि उन्हें किसी विवाद की जानकारी नहीं थी। परिवार की ओर से मामले की CBI जांच की मांग किए जाने की भी चर्चा है।

See also  केंद्र सरकार ने अचानक बुलाया संसद का विशेष सत्र, जानें इसकी वजह

मीटिंग के बाद अमनीत अपने पति के आत्महत्या स्थल, सेक्टर-11 स्थित कोठी पहुंचीं और फिर अस्पताल जाकर पति को अंतिम बार देखा। वहीं, चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “हमारा साथी हमारे बीच नहीं रहा, इससे ज्यादा कुछ कहना ठीक नहीं होगा।”

सामने आया बड़ा अपडेट
इस बीच, सुसाइड केस से जुड़े दो बड़े अपडेट सामने आए हैं। पहला, पूरन कुमार ने आत्महत्या से पहले अंग्रेजी में आठ पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें 30 से 35 IPS अफसरों और कुछ IAS अधिकारियों के नाम दर्ज बताए जा रहे हैं। उन्होंने इनमें जातिवाद, पोस्टिंग में भेदभाव, एसीआर में गड़बड़ी, सरकारी आवास न मिलने और प्रशासनिक परेशानियों का जिक्र किया है। एक DGP रैंक अधिकारी पर अनावश्यक नोटिस भेजकर परेशान करने का आरोप भी लगाया गया है।

दूसरा, उन्होंने आत्महत्या से पहले अपनी पत्नी और दो अफसरों को सुसाइड नोट भेजा था। घटनास्थल पर वसीयत भी मिली है, जिस पर 6 अक्टूबर की तारीख दर्ज है, जबकि सुसाइड नोट 7 अक्टूबर को लिखा गया। वसीयत में उन्होंने अपनी संपत्ति पत्नी के नाम कर दी है।

See also  बड़ी खबरः असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के लिए अब Ph.D. अनिवार्य नहीं

पूरन कुमार की आत्महत्या के पीछे दो संभावित कारण माने जा रहे हैं। पहला, उनके गनमैन सुशील कुमार के खिलाफ रिश्वत मामले में उनका नाम आना। सुशील पर आरोप था कि वह शराब ठेकेदार से हर महीने दो से ढाई लाख रुपए की मांग कर रहा था। पूछताछ में सुशील ने पूरन कुमार का नाम लिया था, हालांकि उन्हें किसी तरह का नोटिस नहीं भेजा गया था।

दूसरा कारण, हाल ही में पूरन कुमार को रोहतक रेंज के IG पद से हटाकर पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज, सुनारिया (रोहतक) में भेजा जाना माना जा रहा है। पुलिस विभाग में इस तरह की पोस्टिंग को ‘पनीशमेंट पोस्ट’ कहा जाता है। उन्होंने दो अक्टूबर से पांच दिन की छुट्टी भी ली थी।