Chhattisgarh News: राजस्व विभाग की एक सामान्य बैठक शुक्रवार को उस समय विवाद में बदल गई जब खमतराई गांव के पटवारी रमेश कुमार वैष्णव ने एसडीएम से बदसलूकी की। देर से पहुंचने पर जब उनसे वजह पूछी गई तो पटवारी ने जवाब दिया नहीं बताऊंगा, जो करना है कर लो। इस अपमानजनक व्यवहार पर एसडीएम मनीष साहू ने मौके पर ही उन्हें निलंबित कर दिया।

क्या हुआ बैठक में

सुबह राजस्व विभाग की नियमित बैठक चल रही थी, जिसमें अनुभाग के सभी पटवारियों को समय पर उपस्थित होना था। लेकिन हल्का नंबर 25, ग्राम खमतराई के पटवारी रमेश कुमार वैष्णव काफी देर से पहुंचे। देरी का कारण पूछने पर उन्होंने असहयोगी रुख अपनाया और एसडीएम से अपमानजनक लहजे में बात की।

सूत्रों के अनुसार, एसडीएम ने जब उन्हें खड़े होकर उत्तर देने को कहा, तो पटवारी ने कहा, मैं चेयर पर ही बैठूंगा, खड़ा नहीं होऊंगा। इसके बाद जब उन्हें बैठक कक्ष से बाहर जाने को कहा गया, तब भी उन्होंने निर्देश मानने से इनकार कर दिया और वहीं बैठे रहे।

See also  215 अधिकारियों के ट्रांसफर आदेश को हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया

मौके पर हुआ निलंबन

एसडीएम मनीष साहू ने इस अनुशासनहीन और असभ्य व्यवहार को गंभीर मानते हुए मौके पर ही निलंबन आदेश जारी कर दिया। तत्काल प्रभाव से रमेश कुमार वैष्णव को उनके पद से हटा दिया गया और उनके दायित्वों का प्रभार विकास जायसवाल, पटवारी को सौंपा गया है।