टीआरपी डेस्क। Prepaid Smart Meter : पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम ने उपभोक्ताओं के घरों में पुराने मीटरों की जगह अब स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। निगम ने इसके लिए छह मंडलों को तीन कलस्टरों में बांटकर काम शुरू किया है। यूपी के प्रयागराज प्रथम और द्वितीय के साथ मिर्जापुर को मिलाकर त्रिवेणी कलस्टर बनाया गया है। गोरखपुर प्रथम, द्वितीय और बस्ती मंडल को गोरखपुर कलस्टर में शामिल किया गया है, जबकि वाराणसी प्रथम, द्वितीय और आजमगढ़ मंडल के सभी जिलों को मिलाकर काशी कलस्टर का गठन किया गया है।

प्रत्येक कलस्टर में पहले चरण में 25-25 लाख स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस लक्ष्य के मुकाबले अब तक कुल 14 लाख 60 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से पांच लाख उन्यासी हजार स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड सुविधा में परिवर्तित किया गया है।

प्रीपेड स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ता अब बिजली का उपयोग तभी कर पाएंगे जब वे अपने मीटर को रिचार्ज कर लेंगे। साथ ही बिजली विभाग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन नहीं काटी जाएगी। यह पहल उपभोक्ताओं को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बिजली बिलिंग प्रणाली प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

See also  अजीत जोगी को लाने स्टेट प्लेन अंबिकापुर रवाना, सरगुजा राजमाता की श्रद्धांजलि के दौरान बिगड़ी थी तबीयत

यूपी में अब तक इतने मीटर हुए प्रीपेड

  • त्रिवेणी में 2.10 लाख से अधिक मीटर प्रीपेड
  • काशी में 2.42 लाख से अधिक मीटर प्रीपेड
  • गोरखपुर में 1.26 लाख से अधिक मीटर प्रीपेड