0 प्रशासन की लापरवाही पर उठ रहे सवाल
बलरामपुर। रघुनाथनगर स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में पीलिया के प्रकोप से हड़कंप मच गया है। यहां शनिवार को सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा की पीलिया से मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। इससे पहले भी कई बच्चों के पीलिया ग्रसित होने का मामला सामने आया था, लेकिन प्रशासन की उदासीनता के चलते एक बच्ची की मौत हो गई और अन्य कई बच्चों पर बीमारी से मौत का साया मंडरा रहा है।
दूषित पानी से फैला पीलिया
बताया जा रहा है कि स्कूल में गंदा और दूषित पानी पीने से दर्जनों छात्रों में पीलिया फैल गया। मगर जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अब स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि बच्चों की जान पर बन आई है।

परिजनों ने स्कूल प्रशासन और शिक्षा विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना को एक महीना बीत जाने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है और कई छात्र अभी भी बीमार हैं।
पानी टंकी से निकल रहे थे कीड़े
छात्रों का आरोप है कि स्कूल की पानी टंकी से नल में कीड़े निकल रहे थे, जिसकी जानकारी प्रिंसिपल को भी दी गई, लेकिन टंकी की सफाई नहीं कराई गई।

करीब 400 बच्चों वाले इस स्कूल में अब तक बड़ी संख्या में छात्र बीमार हो गए, जिनमें से अधिकांश पीलिया से पीड़ित बताए गए। बच्चों ने बताया कि जब नल के पानी में कीड़ा मिला तो उन्होंने टंकी का पानी पीना बंद कर दिया। इसके बावजूद टंकी की सफाई नहीं की गई और कई बच्चे मजबूरी में वही पानी पीते रहे।
इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी रायमुनि यादव ने कहा, “मुझे पदभार संभाले ज्यादा दिन नहीं हुए हैं। सोमवार को स्वयं स्कूल जाकर पूरे मामले की जांच करूंगा। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम उठाए होते, तो आज यह दर्दनाक हादसा टल सकता था। फिलहाल स्कूल परिसर में दहशत और मातम का माहौल है।



