टीआरपी डेस्क। DG Conference : नवा रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक 60वीं DG कांफ्रेंस आयोजित की जाएगी, कांफ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शामिल होंगे। इस 3 दिवसीय सम्मेलन में देशभर के DG, ADG और IG स्तर के लगभग 250 वरिष्ठ पुलिस और सुरक्षा अधिकारी भाग लेंगे। यह पहली बार है जब छत्तीसगढ़ इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने इस आयोजन के लिए मितव्ययिता के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। होटल या निजी भवनों के बजाय सभी बैठकें और आवास की व्यवस्था केवल शासकीय भवनों में किए जाएंगे। इसके चलते जिला और पुलिस प्रशासन नवा रायपुर में उपयुक्त सरकारी परिसरों के चयन में जुट गया है।
अधिकारियों के अनुसार, इस सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, साइबर क्राइम, सीमा प्रबंधन, मादक पदार्थ नियंत्रण और आतंकवाद जैसे विषयों पर गहन चर्चा होगी। साथ ही, इंटेलिजेंस शेयरिंग और राज्यों के बीच सुरक्षा समन्वय को मजबूत करने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा। विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त अभियानों और नक्सल विरोधी रणनीतियों पर भी विस्तृत सत्र आयोजित किया जाएगा।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहले ही नक्सलवाद को खत्म करने की समयसीमा 31 मार्च 2026 तय कर चुके हैं। उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सत्र में सीधे अधिकारियों से फीडबैक लेंगे और नई सुरक्षा नीतियों की रूपरेखा तय की जाएगी।
IIM भवन में होगा आयोजन
सम्मेलन का आयोजन नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) के भवन में होगा। प्रधानमंत्री मोदी के ठहरने की व्यवस्था नवीन स्पीकर हाउस में की जा रही है, जो IIM और विधानसभा भवन के पास ही स्थित है।
अतिथियों के लिए विशेष व्यवस्था
DG Conference : अतिथि अधिकारियों को आफिसर्स मेस, सर्किट हाउस, पहुना अतिथि गृह और कन्वेंशन सेंटर में ठहराया जाएगा। सभी जगहों पर सुरक्षा और सुविधाओं की उच्च स्तरीय तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने कहा हैं कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ की प्रशासनिक दक्षता और सुरक्षा प्रबंधन का प्रदर्शन करने का एक बड़ा मौका होगा।


