टीआरपी डेस्क। Amazing Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का सेमरा (सी) गांव इन दिनों सुर्खियों में है। वजह है यहां की अनोखी परंपरा, जहां दिवाली देशभर से एक हफ्ता पहले ही मना ली जाती है। इस बार भी 14 अक्टूबर को गांव में रोशनी, पटाखों और पूजा-अर्चना के साथ दिवाली मनाई गई।

देशभर में जहां दिवाली 20 अक्टूबर को मनाई जानी है, वहीं सेमरा गांव ने एक बार फिर अपनी सदियों पुरानी परंपरा निभाई। गांव के लोग बताते हैं कि वे न सिर्फ दिवाली, बल्कि होली, पोला और हरेली जैसे त्योहार भी बाकी जगहों से 7 दिन पहले मनाते हैं। ऐसा माना जाता है कि ऐसा नहीं करने पर गांव में अनहोनी हो सकती है।

एक हफ्ते पहले मनाई गई दिवाली

धमतरी से करीब 30km दूर बसे इस सेमरा गांव में त्योहारों को पहले मनाना ही इसकी पहचान बन चुका है। मंगलवार को ग्रामीणों ने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की और फिर घरों में दीपक जलाकर पटाखे फोड़े। हर साल की तरह इस बार भी माहौल में खुशी और भक्ति की लहर देखी गई।

See also  बैजनाथ पारा की घटना के बाद सीएम के बयान पर बोले बृजमोहन- मैं आहत हूं... कोई सभ्य आदमी ऐसा नहीं बोल सकता

सदियों पुरानी कहानी से जुड़ी है परंपरा

गांव में सिरदार देव का मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र है। कहा जाता है कि बहुत समय पहले एक चमत्कारी शक्ति वाले राजा सिरदार यहां आकर बसे थे। एक दिन शिकार पर निकले तो दुर्भाग्यवश खुद ही शिकार बन गए।

इसके बाद बैग जनजाति के एक व्यक्ति को सपना आया कि राजा का शव जंगल में पड़ा है। पहले किसी ने यकीन नहीं किया, लेकिन जब गांव के मुखिया को भी वही सपना आया, तो सभी जंगल पहुंचे और वहां राजा का शव पाया गया।

गांव वालों ने राजा का अंतिम संस्कार किया और उसी जगह ‘सिरदार देव’ का मंदिर बना दिया। कहा जाता है कि राजा ने बाद में सपने में ग्रामीणों को आदेश दिया “गांव की शांति के लिए सभी बड़े त्योहार तय तारीख से एक हफ्ते पहले मनाए जाएं।” तभी से यह परंपरा शुरू हुई और आज तक निभाई जा रही है।

See also  सुरक्षा और पार्किंग के बिना चल रहे थे कोचिंग सेंटर, प्रशासन ने 4 संस्थाओं को किया सील

महिलाओं के प्रवेश पर परंपरागत रोक

इस मंदिर में केवल पुरुष पूजा कर सकते हैं। महिलाओं का मंदिर के पास जाना वर्जित है। गांव के बुजुर्ग बताते हैं कि यह परंपरा पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही है और आज भी पूरी आस्था से निभाई जाती है।

Amazing Chhattisgarh : सेमरा गांव अपनी अनोखी धार्मिक परंपरा और एकजुटता के लिए पूरे इलाके में जाना जाता है। यहां त्योहार सिर्फ एक तिथि नहीं, बल्कि विश्वास और संस्कृति का प्रतीक हैं।