टीआरपी डेस्क। Afghanistan-Pakistan war : पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। पाकिस्तानी हवाई हमले में अफगानिस्तान के तीन क्रिकेटरों की मौत हो गई, जिसके बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पाकिस्तान के साथ होने वाली आगामी त्रिकोणीय टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से नाम वापस ले लिया है। बताया जा रहा है कि यह हमला उस वक्त हुआ जब खिलाड़ी एक दोस्ताना क्रिकेट मैच के बाद घर लौट रहे थे।
पाकिस्तान ने शुक्रवार को अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के उरगुन और बरमल जिलों में हवाई हमला किया। इस हमले में नागरिकों सहित कई लोगों के हताहत होने की खबर है। यह हमला ऐसे समय हुआ जब दोनों देशों के बीच 48 घंटे के युद्धविराम को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी थी।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बयान जारी करते हुए कहा, “पक्तिका प्रांत के उरगुन जिले के बहादुर क्रिकेटरों की दुखद शहादत पर हमें गहरा दुख और शोक है। पाकिस्तानी शासन द्वारा किए गए इस कायराना हमले में हमारे खिलाड़ियों को निशाना बनाया गया।”

एसीबी ने बताया कि मारे गए खिलाड़ियों की पहचान कबीर, सिबगतुल्लाह और हारून के रूप में हुई है। ये खिलाड़ी पक्तिका प्रांत की राजधानी शाराना में खेले गए एक दोस्ताना क्रिकेट मैच में हिस्सा लेकर लौट रहे थे। उरगुन में घर पहुंचने के बाद, एक स्थानीय सभा के दौरान उन्हें निशाना बनाया गया।
इस हमले में तीन क्रिकेटरों सहित कुल आठ लोगों की मौत हुई, जबकि सात अन्य घायल हुए हैं। एसीबी ने इस घटना को अफगानिस्तान के खेल समुदाय के लिए बड़ी क्षति बताया है। बोर्ड ने कहा, “यह न केवल अफगानिस्तान के खिलाड़ियों के लिए, बल्कि पूरे देश के खेल परिवार के लिए एक अपूरणीय नुकसान है।”
घटना के विरोध में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने नवंबर के अंत में होने वाली त्रिकोणीय टी20 श्रृंखला से हटने का निर्णय लिया है, जिसमें पाकिस्तान, अफगानिस्तान और श्रीलंका की टीमें शामिल थीं।



