टीआरपी डेस्क। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने SSC CHSL 2025 टियर 1 परीक्षा की तिथियों की घोषणा कर दी है। परीक्षा 12 नवंबर, 2025 से कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित होगी। पहले यह परीक्षा 8 से 18 सितंबर के लिए निर्धारित थी, लेकिन आयोजित नहीं की गई।
उम्मीदवार अपनी परीक्षा तिथि, शहर और शिफ्ट 22 अक्टूबर से 28 अक्टूबर के बीच SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉग इन कर चुन सकते हैं। लॉग इन करने पर उम्मीदवार को आवेदन के समय चुने गए तीन शहरों में उपलब्ध तिथि और शिफ्ट दिखाई देंगी। यदि सभी स्लॉट भर जाएं, तो आयोग वैकल्पिक शहरों की सूची उपलब्ध कराएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि एक बार चयन करने के बाद तिथि, शहर या शिफ्ट में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
आयोग ने यह भी कहा कि जो उम्मीदवार निर्धारित समय में विकल्प नहीं चुनेंगे, उन्हें परीक्षा में शामिल नहीं होने वाला माना जाएगा।
परीक्षा पैटर्न
परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन होगी और सभी प्रश्न बहुविकल्पीय (MCQ) होंगे। कुल 100 प्रश्न होंगे, प्रत्येक 1 अंक का। सामान्य उम्मीदवारों के लिए परीक्षा समय 60 मिनट है, जबकि दिव्यांग उम्मीदवारों को 80 मिनट मिलेगा।
विषय और प्रश्न विवरण
- अंग्रेजी भाषा (English Language – Basic Knowledge) – 25 प्रश्न, 25 अंक
- सामान्य बुद्धि (General Intelligence) – 25 प्रश्न, 25 अंक
- मात्रात्मक योग्यता (Quantitative Aptitude / Maths) – 25 प्रश्न, 25 अंक
- सामान्य जागरूकता (General Awareness / GK) – 25 प्रश्न, 25 अंक
कुल: 100 प्रश्न – 100 अंक – 60 मिनट



