जांजगीर चांपा। जिले में दीपावली की खुशियों के बीच एक घर पर मातम पसर गया। यहां पटाखा फोड़ने की मामूली बात ने एक व्यक्ति की जान ले ली।
यह पूरा मामला कोटमी सोनार चौकी क्षेत्र का है, जहां दीपावली की रात 45 वर्षीय बालमुकुंद सोनी की हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, बालमुकुंद अपनी बुजुर्ग मां के साथ रेलवे स्टेशन मोहल्ले में रहता था।
दीपावली की रात कुछ युवक उसके घर के सामने पटाखे फोड़ रहे थे, जिससे बालमुकुंद और उनकी मां को तकलीफ हो रही थी। उन्होंने युवकों को पटाखे दूर जाकर फोड़ने को कहा। इसी बात पर कहासुनी हुई और युवक वहां से चले गए। मगर अगली सुबह मां जब बालमुकुंद को देखने गईं, तो उनका खून से लथपथ शव कमरे में पड़ा मिला। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। माना जा रहा है कि पटाखा फोड़ने के दौरान जिन युवकों से बालमुकुंद का विवाद हुआ था, उन्होंने ने ही इसे मारा होगा।
सूचना मिलते ही कोटमी सोनार चौकी की पुलिस के साथ अकलतरा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह क्षत्रिय और टीआई भास्कर शर्मा मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की गहन जांच के लिए फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए।बता दें कि बीते 6 महीनों में कोटमी सोनार में यह दूसरी हत्या है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


