बिलासपुर।खनिज विभाग ने रेत का अवैध परिवहन करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कराना शुरू किया है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम ने मंगला पाठ बाबा घाट क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्राली जब्त की हैं। विभागीय निरीक्षण के दौरान ये वाहन बिना खनिज पास के रेत ले जाते पकड़े गए। खनिज निरीक्षक राजू यादव की शिकायत पर तीन अलग-अलग मामलों में वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

पहले मामले में भोला चौहान (चालक) और लखन सिंह चौहान (मालिक), दोनों निवासी धुरीपारा, मंगला घाट से बिना अनुमति रेत भरकर ले जा रहे थे। औचक निरीक्षण के दौरान वाहन को वहीं से जब्त कर सिविल लाइन थाने में रखवाया गया।

दूसरे मामले में पाकुन साहू (ड्राइवर) और सनी यादव (मालिक), निवासी मंगला, अवैध रेत परिवहन करते पकड़े गए। इस ट्रैक्टर-ट्राली को भी पुलिस की अभिरक्षा में रख दिया गया है। तीसरे मामले में मनोज कुमार पटेल (चालक) और राज पटेल (मालिक), निवासी लोखंडी, को बिना खनिज पास के रेत परिवहन करते पकड़ा गया।

See also  खनिज विभाग में हुए तबादले, बड़ी संख्या में अधिकारी हुए इधर से उधर

खनिज विभाग की टीम ने सीपत और रतनपुर क्षेत्रों में भी कार्रवाई की। ग्राम खैरा यज्ञशाला परिसर के पास नदी से रेत निकालते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया और उसे रतनपुर थाने में खड़ा कराया।

गौरतलब है कि अवैध रेत परिवहन के मामले में खनिज विभाग अमूमन चालानी कार्रवाई करता है, मगर जिस तरह रेत माफिया द्वारा मनमानी की जा रही है उसे देखते हुए खनिज अमले ने इनकी नकेल कसते हुए ऐसे मामलों में FIR भी दर्ज कराना शुरू किया है।