बिलासपुर। स्कूल में शिक्षकों ने मध्याहन भोजन बनाने वाली महिला रसोइया से चिकन बनवाया और स्कूल में ही मुर्गा-दारू की पार्टी करने बैठ गए। इसका वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल के प्रधान पाठक और शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
यह मामला बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला का है। जहां सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रधानपाठक एलबी राजेश्वर मरावी और सहायक शिक्षक एलबी मनोज नेताम ने कार्यालय कक्ष में शराब पी और मुर्गा पार्टी का आयोजन किया।
बच्चों की मौजूदगी में किया शराब का सेवन
इस दौरान कक्षा में बच्चे और महिला रसोइया भी मौजूद थीं। नशे में धुत शिक्षक बच्चों से गाली-गलौज करने लगे, जिससे बच्चे डर के मारे घर लौट गए और पूरी घटना की जानकारी अपने अभिभावकों को दी। अब इसका वीडियो अभी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वही वीडियो के वायरल होने के बाद प्रधान पाठक और शिक्षक को कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने निलंबित कर दिया है।
विद्यालय में विद्यार्थियों की कुल दर्ज संख्या 145 है और यहां चार शिक्षक पदस्थ हैं, लेकिन शराबी प्रधान पाठक और शिक्षक की वजह से शैक्षणिक माहौल खराब हो गया है।। स्कूल समय में शराब और मुर्गा पार्टी की यह करतूत शिक्षा के मंदिर में पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों की ढिलाई और संरक्षण की वजह से नशे में धुत शिक्षक खुलेआम बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।



