जगदलपुर। बस्तर जिले की सिड़मुड़ पंचायत में धर्मांतरण के हो रहे प्रयासों को लेकर ग्रामसभा आयोजित की गई। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया है, जिसके अनुसार बाहरी पादरियों और ईसाई समुदाय से जुड़े लोगों के गांव में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि हाल के वर्षों में गांव में कुछ बाहरी लोग आकर धार्मिक परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे। इस विषय पर चर्चा के बाद ग्रामसभा में निर्णय लिया गया कि गांव में अब बाहरी प्रचारकों का प्रवेश नहीं होगा।
ग्रामीणों का कहना है कि यह निर्णय सामाजिक सौहार्द्र बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में गांव में मतांतरण से जुड़े विवादों की सूचना मिली थी, जिसके चलते यह कदम उठाया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामसभा में सभी पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया था। फिलहाल गांव में इस निर्णय को लेकर दोनों पक्षों के बीच के हालात पर प्रशासन नजर रखे हुए है।


