टीआरपी Van mandal ,Three arrested for trying to kill animals using electric wires : पिछले दिनों रायगढ़ वनमंडल के अंतर्गत ग्राम केराखोल में करंट से एक हाथी की मृत्यु हो गई थी। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हाथी की मौत की सूचना मिलते ही वन अमला तत्काल सक्रिय हुआ था। जांच करने पर पाया कि जंगली जानवरों को मारने के लिए बिजली का तार लगाया गया था। मृत हाथी के मामले में जांच के दौरान बिजली तार, सूखे पत्ते, मिट्टी के निशान तथा संदिग्ध वस्तुएं मिलीं। साथ ही मृत हाथी के पेट में घाव के निशान, जिसमें लगे हुए स्नेयर को भी जब्त किया गया।
वन विभाग की तीन सदस्यीय पशुचिकित्सा टीम ने मृत हाथी का पोस्टमार्टम किया। प्रारंभिक रिपोर्ट में मृत्यु का कारण विद्युत करंट बताया गया। घटना के बाद पुलिस विभाग को सूचित किया गया तथा तत्काल जांच शुरू की गई। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान तीन आरोपियों की पहचान हुई, जिसमें वीर सिंग मांझी पिता मेहत्तर मांझी आयु 28 वर्ष, ग्राम केराखोल, रामनाथ राठिया पिता महेश्वर राठिया आयु 42 वर्ष, ग्राम औराईमुड़ा और बसंत राठिया पिता ठाकुर राम राठिया आयु 40 वर्ष, ग्राम केराखोल शामिल है। पूछताछ में आरोपी वीर सिंग मांझी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर खेत की रखवाली के लिए बिजली के तार लगाकर जंगली जानवरों को मारने का प्रयास किया था। उसी दौरान हाथी करंट की चपेट में आ गया। आरोपियों ने तार और लोहे का सामान खुद खरीदा था। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 972 की धारा 9 एवं धारा 51 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।



