टीआरपी डेस्क। Vande Bharat Train : पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है। दरअसल भारतीय रेलवे ने एक और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की घोषणा की है। यह ट्रेन खजुराहो और वाराणसी के बीच दौड़ेगी। यह ट्रेन मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल खजुराहो को उत्तर प्रदेश की पवित्र नगरी वाराणसी से जोड़ेगी। इससे दोनों शहरों के बीच आवागमन न केवल तेज़ होगा, बल्कि बुंदेलखंड क्षेत्र में पर्यटन और व्यापार को भी नया आयाम मिलेगा।

रेल मंत्रालय के अनुसार, ट्रेन का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा। हालांकि उद्घाटन की सटीक तारीख का ऐलान अभी बाकी है। ट्रेन की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। वाराणसी से यह ट्रेन सुबह 5.25 बजे चलेगी और दोपहर 1.10 बजे खजुराहो पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन दोपहर 2.20 बजे खजुराहो से रवाना होकर रात 11 बजे वाराणसी पहुंचेगी। मार्ग में विंध्याचल, प्रयागराज, चित्रकूट धाम, बांदा और महोबा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होगा।

यह नई वंदे भारत एक्सप्रेस यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करेगी। इससे धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक शहरों और सांस्कृतिक धरोहरों तक पहुंच आसान होगी। स्थानीय कारोबारियों और होटल उद्योग को भी इससे लाभ होगा।

See also  SP ने दिया आदेश - बगैर विवेचना के पत्रकारों के विरुद्ध नहीं करें अपराध दर्ज...

वाराणसी से यह चौथी वंदे भारत ट्रेन होगी। फिलहाल वाराणसी से नई दिल्ली के लिए दो और रांची के लिए एक वंदे भारत ट्रेन चल रही है। इसी तरह हैदराबाद से तीन वंदे भारत ट्रेनें पहले से संचालित हो रही हैं, जबकि हैदराबाद-पुणे, नागपुर और नांदेड़ मार्गों पर नई ट्रेनों की योजना बन रही है।