टीआरपी डेस्क। बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्रीज के फेमस एक्टर सतीश शाह का आज दोपहर को निधन हो गया. सतीश किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे. उनके मैनेजर ने अभिनेता के निधन के खबर की पुष्टि की है. सतीश का अंतिम संस्कार 26 अक्टूबर को किया जाएगा. फिलहाल, अस्पताल में ही उनका पार्थिव शरीर है.
सतीश शाह ने 74 साल की उम्र में अपनी अंतिम सांस ली. इस खबर के बाद से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में मातम पसर गया है. सतीश शाह ने फेमस टीवी शो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में इंद्रवदन साराभाई उर्फ इंदु का किरदार निभाया था. जिसके बाद से वे घर-घर में फेमस हो गए. सालों बाद भी इस कॉमेडी शो के क्लिप्स इंस्टाग्राम पर वायरल होते रहते हैं.
गुजरात के मांडवी में हुआ था जन्म
सतीश गुजराती परिवार से तालुल्क रखते थे. उनका जन्म गुजरात के मांडवी में हुआ था. उन्होंने जेवियर कॉलेज से पढ़ाई कंप्लीट की. उसके बाद सतीश ने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया से अपनी पढ़ाई की. साल 1972 में मधु शाह से उनकी शादी हुई. कोरोना काल में उन्होंने वही कोविड का सामना किया था. सतीश शाह ने अपने करियर की शुरुआत बॉलीवुड की फिल्म से की थी. उनकी पहली पिक्चर ‘भगवान परशुराम’ थी. इसके बाद ‘अरविंद देसाई की अजीब दास्तान’, ‘गमन’, ‘उमराव जान’, ‘शक्ति’, ‘जाने भी दो यारों’, ‘विक्रम बेताल’ जैसी फिल्मों में वो नजर आए.
टीवी में किया बेमिसाल काम
बॉलीवुड में सतीश शाह ने कई अलग-अलग फिल्मों में काम किया. लेकिन टेलीविजन इंडस्ट्री में जो दम-खम उन्होंने दिखाया, वो एकदम अलग था. 1984 में आया उनका सिटकॉम ‘ये जो है जिंदगी’, आज भी याद किया जाता है. इस शो के 55 एपिसोड में सतीश ने 55 अलग किरदारों को निभाया था. इसके बाद 1995 में आए शो ‘फिल्मी चक्कर’ में उन्हें प्रकाश का रोल निभाया था. इसके बाद उन्होंने ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में काम किया. ‘फिल्मी चक्कर’ और ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’, दोनों में ही उनकी जोड़ी एक्ट्रेस रत्ना पाठक शाह संग जमी थी. माया साराभाई और इंद्रवदन साराभाई की नोकझोंक और मस्ती दर्शकों को खूब पसंद थी.


