टीआरपी डेस्क। घरघोड़ा अनुविभाग के ग्राम तिलाईपाली निवासी भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नेता अजीत गुप्ता को शुक्रवार की रात उनके घर से हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उन्हें धारा 151 सीआरपीसी के तहत शांति भंग की आशंका के कारण गिरफ्तार किया और देर रात एसडीएम न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया।
अजीत गुप्ता ने एनटीपीसी लारा परियोजना के विरोध में लगातार प्रदर्शन किया है। पांच दिन पहले भी उन्होंने परियोजना के विरोध में आंदोलन किया था। उस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, और प्रशासन ने प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया था। पुलिस की समझाइश के बाद ही आंदोलन शांत कराया जा सका।
इसके बाद अजीत गुप्ता ने अपने फेसबुक अकाउंट पर घरघोड़ा के एसडीएम और 2022 बैच के IAS अधिकारी दुर्गा प्रसाद के खिलाफ अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी पोस्ट की। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और प्रशासनिक हलकों में नाराजगी फैला दी। अधिकारियों का कहना है कि बिना तथ्यों के किसी युवा और ईमानदार अधिकारी पर आरोप लगाने से प्रशासन पर गलत प्रभाव पड़ता है।
बता दें कि घरघोड़ा में पदस्थ एसडीएम दुर्गा प्रसाद मूलतः उड़ीसा के निवासी हैं। उन्होंने जांजगीर जिले में प्रोबेशनर के रूप में कार्य किया और बाद में रायगढ़ जिले में एसडीएम पद ग्रहण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अजीत गुप्ता को तुरंत हिरासत में लिया। एसडीएम न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस ने उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है।


