टीआरपी डेस्क। भारतीय सिनेमा के प्रसिद्ध हेयर स्टाइलिस्ट आलिम हकीम ने अपने पिता हाकिम कैरानवी के जीवन से जुड़ी यादें साझा की हैं। हाकिम कैरानवी 1970 के दशक के सबसे चर्चित हेयर स्टाइलिस्टों में से एक थे और उन्होंने अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, शत्रुघ्न सिन्हा, दिलीप कुमार और जीतेंद्र जैसे सितारों के साथ काम किया था। आलिम ने बताया कि उनके पिता ही अमिताभ बच्चन के शुरुआती दौर के लगभग सभी प्रतिष्ठित हेयरस्टाइल्स के पीछे थे।
आलिम ने बताया कि उनके पिता और अमिताभ बच्चन के बीच जुड़ाव फिल्म ‘सात हिंदुस्तानी’ के बाद शुरू हुआ था। फिल्म ‘रेशमा और शेरा’ में सुनील दत्त के जरिए दोनों की मुलाकात हुई थी। इसके बाद ‘जंजीर’, ‘शोले’, ‘डॉन’, ‘दीवार’ और ‘अमर अकबर एंथनी’ जैसी फिल्मों में अमिताभ बच्चन के हर लुक के पीछे उनके पिता की रचनात्मक सोच थी।
उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि उनके पिता का निधन भी बाल काटते समय हुआ था। “मेरे पिताजी का आखिरी हेयरकट अमित जी का था। वह मैसूर में फिल्म ‘मर्द’ की शूटिंग के दौरान उनके बाल काट रहे थे, तभी उन्हें दिल का दौरा पड़ा और अगले दिन उनका निधन हो गया,” आलिम ने बताया।
आलिम ने आगे कहा कि उनके पिता ने न केवल भारतीय सितारों के साथ बल्कि अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के साथ भी काम किया था। “ब्रूस ली, मोहम्मद अली, रिचर्ड हैरिस और इंग्लैंड के क्रिकेटर टोनी ग्रेग जैसे विदेशी दिग्गज भी जब भारत आते थे, तो मेरे पिताजी से बाल कटवाते थे,” उन्होंने कहा।
अपने पिता के निधन के बाद के कठिन समय को याद करते हुए आलिम ने बताया कि इंडस्ट्री से उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। “उस दौर में हर कोई आत्मकेंद्रित था। मैंने बस यही ठाना कि अपने पिता का सम्मान वापस लाऊं और उनकी विरासत को आगे बढ़ाऊं,” उन्होंने कहा।


