रायपुर। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण छत्तीसगढ़ का मौसम एक बार फिर बदल गया है। प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। अक्टूबर का अंतिम सप्ताह शुरू हो चुका है, लेकिन रात की ठंड अब तक महसूस नहीं हो रही है। इसके विपरीत दिन में गर्मी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे 27 अक्टूबर से वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है। आने वाले चार दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में दंतेवाड़ा में सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई है। यहां बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर, भैरमगढ़ और लोहांडीगुड़ा में 2 सेंटीमीटर, जबकि दरभा, दोरनापाल, कोंटा, गीदम, सुकमा और बीजापुर में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं, अधिकतम तापमान राजनांदगांव और दुर्ग में 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

See also  हाउसिंग बोर्ड के फ्री-होल्ड भवनों में डायवर्सन शुल्क और पेनाल्टी में छूट, 80 हजार लोगों को मिलेगा फायदा

मौसम विभाग के सिनोप्टिक विश्लेषण के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जो 25 अक्टूबर तक अवदाब और 26 अक्टूबर तक गहरे अवदाब में परिवर्तित हो सकता है। इसके 27 अक्टूबर की सुबह तक दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की चेतावनी जारी की है।