टीआरपी डेस्क। विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने बगावत करने वाले 11 बड़े नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया है। इस कार्रवाई में एक पूर्व मंत्री और एक पूर्व विधायक सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। पार्टी ने बताया कि निष्कासित नेताओं ने पार्टी विरोधी आचरण और गतिविधियों में हिस्सा लिया था।

कौन-कौन हुआ निष्कासित

जेडीयू ने जिन नेताओं को निष्कासित किया, उनमें मुंगेर के पूर्व मंत्री शैलेश कुमार, जमुई के पूर्व विधायक संजय प्रसाद, सीवान के पूर्व एमएलसी श्याम बहादुर सिंह, भोजपुर के रणविजय सिंह और शेखपुरा के सुदर्शन कुमार शामिल हैं। इसके अलावा बेगुसराय के अमर कुमार सिंह, वैशाली की आसमा परवीन, औरंगाबाद के लव कुमार, कटिहार की आशा सुमन, मोतिहारी के दिव्यांशु भारद्वाज और सीवान के विवेक शुक्ला को भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किया गया।

आदेश तत्काल प्रभाव से लागू

पार्टी ने निष्कासित नेताओं की सूची सोशल मीडिया पर जारी करते हुए कहा कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। जेडीयू ने स्पष्ट किया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस कदम के माध्यम से बाकी नेताओं को कड़ा संदेश दिया गया है।

See also  नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे, अब कौन बनेगा नया मुख्यमंत्री? रेस में हैं ये 5 नाम!