टीआरपी डेस्क। बिलासपुर-नागपुर मार्ग पर चलने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रेलवे ने बढ़ती मांग को देखते हुए ट्रेन को फिर से 16 कोच के साथ चलाना शुरू कर दिया है। रेलवे के अनुसार, अब हर दिन इस ट्रेन में 800 से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं।
वंदेभारत एक्सप्रेस का परिचालन नागपुर के लिए 11 दिसंबर 2022 को 16 कोच के साथ शुरू हुआ था। लेकिन टिकट महंगा होने के कारण कुछ समय बाद यात्रियों की संख्या कम हो गई। अप्रैल 2023 में रेलवे ने कोच घटाकर 8 कर दिए थे, जिससे ट्रेन में केवल 564 यात्री सफर कर पा रहे थे। अब 16 कोच लगने के बाद यह संख्या बढ़कर 1128 हो गई है।
रायपुर और बिलासपुर से नागपुर जाने वाले यात्रियों में वंदेभारत एक्सप्रेस खासा लोकप्रिय है। कई लोग इसे इसलिए चुन रहे हैं ताकि रायपुर से बिलासपुर का सफर जल्दी पूरा हो सके। इसका मुख्य कारण ट्रेन का समय पर पहुंचना और लगातार पैक चलना है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि वंदेभारत एक्सप्रेस की लगातार सफलता यात्रियों के भरोसे का संकेत है। अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों के मुकाबले यह ट्रेन रद्द नहीं होती, जिससे यात्रियों का विश्वास और बढ़ा है। रविवार को सीसी कोच में 54 और ईसी कोच में 6 वेटिंग रही।
त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की संख्या में भी इजाफा देखा गया है। वंदेभारत एक्सप्रेस ने बिलासपुर और रायपुर के लोगों के लिए नागपुर यात्रा को आसान और तेज विकल्प बना दिया है। रेलवे अधिकारियों की मानें तो आने वाले महीनों में रेलवे ने इस ट्रेन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए और सुधारों पर विचार करने की संभावना जताई है, ताकि सफर और सुविधाजनक हो सके।


