टीआरपी डेस्क। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में वायु गुणवत्ता आज सुबह खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार आनंद विहार में AQI 430 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। वहीं आश्रम और महारानी बाग के आस-पास के इलाके ‘बहुत खराब’ श्रेणी में हैं। राजधानी के कई हिस्सों में स्मॉग की मोटी चादर ने लोगों की सांस लेने की क्षमता प्रभावित की है।
CPCB ने रविवार सुबह आनंद विहार और वजीरपुर में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की। आनंद विहार में AQI 430, वजीरपुर में 406, अशोक विहार में 369 और ITO में 329 रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा शहर के अन्य हिस्सों में भी वायु गुणवत्ता चिंताजनक बनी हुई है। सोलह स्टेशनों ने AQI को बहुत खराब श्रेणी (300 से ऊपर) में दर्ज किया, जबकि शेष स्टेशनों में AQI खराब श्रेणी (300 से नीचे) में रही।
आश्रम और महारानी बाग में छाई धुंध के कारण स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस की समस्याओं वाले लोगों को मास्क पहनने और अनावश्यक बाहर जाने से बचने की सलाह दी है। आश्रम क्षेत्र से मिली तस्वीरों में धुंध की मोटी चादर स्पष्ट दिखाई दे रही है, जिससे विजिबिलिटी कम होने और ट्रैफिक धीमा चलने की समस्या उत्पन्न हो रही है। स्थानीय लोग सांस लेने में तकलीफ और आंखों में जलन की शिकायत कर रहे हैं।
सीपीसीबी के अनुसार, AQI के स्तर को शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर माना जाता है।
दिल्ली में तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसम के औसत से दो डिग्री कम है। रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 और 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने सुबह हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान भी जताया है।



