रायपुर। CG SIR : छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची को और अधिक सटीक व त्रुटिरहित बनाने के लिए अब विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-SIR) की प्रक्रिया शुरू हो रही है। राज्य चुनाव आयोग ने इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी कर दिए हैं। देश के जिन 12 राज्यों में SIR का ऐलान किया गया है, उनमें छत्तीसगढ़ भी शामिल है।
छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस बार प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों की मतदाता सूची की बारीकी से जांच की जाएगी। हर मतदाता की जानकारी को फिर से सत्यापित किया जाएगा, ताकि 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट पूरी तरह से अद्यतन और त्रुटिहीन हो। इस प्रक्रिया में नए मतदाता जोड़े जाएंगे, गलत या दोहराए गए नाम हटाए जाएंगे, और मृत व्यक्तियों के नाम सूची से निकाले जाएंगे।
कार्यक्रम के अनुसार मुद्रण और प्रशिक्षण का चरण 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025 तक चलेगा। घर-घर गणना 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक होगी। मसौदा मतदाता सूची 9 दिसंबर को प्रकाशित की जाएगी। दावे और आपत्तियों के लिए 9 दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक का समय रहेगा, जबकि सुनवाई और सत्यापन 9 दिसंबर से 31 जनवरी तक चलेगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में फिलहाल 2 करोड़ 11 लाख से अधिक मतदाता हैं। इस विशेष पुनरीक्षण के लिए कुल 13 प्रकार के दस्तावेज मान्य होंगे। चुनाव आयोग के अनुसार, लगभग 95 प्रतिशत मतदाताओं को किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।
सोमवार रात 12 बजे से राज्य की वोटर लिस्ट को फ्रीज कर दिया गया है। अब किसी भी तरह का नया नाम जोड़ना या सुधार करना केवल SIR प्रक्रिया के माध्यम से ही संभव होगा। मंगलवार से बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर फॉर्म 6, 7, 8 और 8A वितरित करेंगे। हर BLO एक घर में तीन बार विजिट करेगा ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।



