रायपुर. छत्तीसगढ़ में आज से दो दिनों तक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने मोन्था चक्रवात के असर से दक्षिणी छत्तीसगढ़ के जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। इन हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रायपुर में 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पेंड्रारोड में 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई। बेलगहना में 3 सेंटीमीटर, जबकि पिपरिया, कशडोल, अंतागढ़, छुईखदान और भिंभोरी में 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

राजधानी रायपुर में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई और आसमान दिनभर बादलों से घिरा रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश के साथ 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ समय के लिए 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। बारिश का यह सिलसिला अगले दो दिनों तक जारी रहने का अनुमान है।

See also  बड़ी खबर: अगले हफ्ते से मिलने लगेगी DRDO की 2डीजी कोरोना की दवा, मरीजों के लिए होगी रामबाण

रायपुर में आज का मौसम

राजधानी रायपुर में आज आसमान बादलों से घिरा रहेगा। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।