टीआरपी डेस्क। बागेश्वर धाम के प्रमुख महंत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Dhirendra Krishna Shastri) ने एक बार फिर बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि विदेशी ताकतें उनके खिलाफ साजिश रच रही हैं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का इस्तेमाल कर उनके फेक वीडियो तैयार किए जा रहे हैं। शास्त्री के मुताबिक, पिछले दिनों सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो वायरल हुए, जिनमें उनके बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।
धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि उनके पास इस बात के प्रमाण हैं कि 22 लोगों की एक आईटी टीम विदेशी फंडिंग के सहारे उनके खिलाफ काम कर रही है। यह टीम उनके नकली वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर फैलाती है, ताकि उनकी छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नुकसान पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके आध्यात्मिक कार्यों और बयानों से परेशान हैं। उन्होंने कहा, “हमने कई बार मंच से सच बोला है, इसलिए जो झूठ के सहारे चल रहे हैं, वे हमें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ तांत्रिकों की दुकानें बंद हो गई हैं, इसलिए वे भी इस साजिश में शामिल हैं। लेकिन हम किसी से डरने वाले नहीं हैं, हमारी रक्षा स्वयं बालाजी सन्यासी बाबा करते हैं।”
भक्तों को संबोधित करते हुए बाबा बागेश्वर ने कहा कि यदि पूरी दुनिया भी उनके खिलाफ एकजुट हो जाए, तो भी अगर हनुमान जी साथ हैं, तो कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता। उन्होंने अपने अनुयायियों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और केवल भगवान पर भरोसा रखें। उन्होंने कहा, “जो कुछ भी होगा, वह भगवान की इच्छा से होगा, हम उसी पर भरोसा करते हैं।”


