कोण्डागांव।कोंडागांव में प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना के तहत निर्मित मर्दापाल-भाटपाल-नारायणपुर मार्ग को जोड़ने वाली लिंगों देव पथ सड़क पर ग्राम आदनार के पास स्थित बड़को नाला की पुलिया अचानक धंस गई। पुलिया धंसने से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है, जिससे आसपास के गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।

ग्रामीणों के मुताबिक घटना के समय कोई व्यक्ति पुलिया पार नहीं कर रहा था, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से बच गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार देर रात क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण रविवार दोपहर पुलिया सड़क के बीचों-बीच धंस गई। इस मार्ग का उपयोग मर्दापाल, आदनार, भाटपाल सहित कई गांवों के लोग दैनिक कार्यों, बाजार और जिला मुख्यालय आने-जाने के लिए करते हैं।

पुलिया धंसने के बाद अब ग्रामीणों को लंबा रास्ता तय कर वैकल्पिक मार्ग से आना-जाना पड़ रहा है। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत मरम्मत कर मार्ग को बहाल करने की मांग की है।

See also  बिहार के बाद बस्तर में चमकी बुखार की दस्तक, 4 बच्चे हुए भर्ती