टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में बहुचर्चित डीएमएफ (जिला खनिज प्रतिष्ठान कोष) घोटाले के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की टीम ने बुधवार सुबह एक साथ बड़ी कार्रवाई की। टीम ने प्रदेशभर में ठेकेदारों और सप्लायरों के 12 ठिकानों पर छापेमारी की है।
सूत्रों के अनुसार, रायपुर में 5 स्थानों, दुर्ग में 2, राजनांदगांव में 4, और कुरूद में 1 कारोबारी के घर पर दबिश दी गई है। सुबह से जारी इस कार्रवाई में टीमें दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वित्तीय रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच कर रही हैं। बताया जा रहा है कि यह छापेमारी DMF फंड से जुड़ी अनियमितताओं और कमीशन लेनदेन के मामले में हो रही है।
रायपुर और राजनांदगांव में मुख्य कार्रवाई
रायपुर में वॉलफोर्ट इन्क्लेव सोसायटी समेत कई इलाकों में छापे मारे गए हैं। वहीं, राजनांदगांव में तीन व्यापारियों के घरों पर एक साथ दबिश दी गई। सुबह करीब 5:30 बजे, रायपुर से पहुंची ईओडब्ल्यू की टीम करीब 10 वाहनों के काफिले में राजनांदगांव पहुंची और भारत माता चौक स्थित राधाकृष्ण एजेंसी के संचालक अग्रवाल परिवार, सत्यम विहार स्थित यश नहाटा, और कामठी लाइन क्षेत्र के व्यापारी ललित भंसाली
के निवासों पर तलाशी शुरू की।
ये तीनों स्थानीय स्तर पर सरकारी सामान, कोल माइंस सप्लाई और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की आपूर्ति से जुड़े कारोबार करते हैं। जांच टीम इनसे जुड़े ठेकों और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई से मचा हड़कंप
शहरों में ईओडब्ल्यू की मौजूदगी की खबर फैलते ही व्यापारिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई। सुबह से ही लोगों में चर्चा है कि यह कार्रवाई किन और लोगों तक पहुंच सकती है और क्या नए नाम सामने आ सकते हैं।
पहले से जेल में कई अधिकारी
गौरतलब है कि डीएमएफ घोटाले में पहले ही कई बड़े अधिकारियों और कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।
- निलंबित IAS रानू साहू
- आदिवासी विभाग की पूर्व सहायक आयुक्त माया वारियर
- व्यवसायी सूर्यकांत तिवारी
- पूर्व उपसचिव सौम्या चौरसिया
- मनोज द्विवेदी
- कोरबा DMF के तत्कालीन नोडल अधिकारी भरोसा राम ठाकुर
- जनपद सीईओ भुनेश्वर सिंह राज
- राधेश्याम मिर्झा
- वीरेंद्र कुमार राठौर
फिलहाल, जांच एजेंसियों ने इस पूरे ऑपरेशन को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई आने वाले दिनों में कई और खुलासों का रास्ता खोल सकती है।


