रायपुर। चक्रवात ‘मोन्था’ फिलहाल कमजोर पड़ गया है और पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से सरगुजा संभाग के जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है।

बस्तर की दो यात्री ट्रेनें रद्द

चक्रवात के प्रभाव से बस्तर से गुजरने वाली दो यात्री ट्रेनों को आज रद्द कर दिया गया है, जबकि दो ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। तूफान के चलते ओडिशा और आंध्र प्रदेश तक जाने वाली ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है।

किसानों को फसलों का नुकसान

बस्तर क्षेत्र में हुई अचानक बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। कई जगहों पर खड़ी फसलें झुक गई हैं, वहीं कटे हुए धान की बोरियां और ढेर खेतों में भीगकर खराब होने लगे हैं।

कोंडागांव में पुलिया ध्वस्त, आवागमन बाधित

कोंडागांव जिले के ग्राम आदनार में लगातार बारिश के कारण ‘बड़को नाला’ पुलिया टूट गई है। इससे लिंगोंपथ-मर्दापाल-भाटपाल-नारायणपुर मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। यह पुलिया प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्मित थी।

See also  उपमुख्यमंत्री अजित पवार का पार्थिव शरीर लाया गया घर, कुछ देर में निकाली जाएगी अंतिम यात्रा, अमित शाह भी पहुंच रहे बारामती

लगातार बारिश से पुलिया का एक हिस्सा धंस गया और पानी के दबाव से शेष हिस्सा भी टूट गया। गनीमत रही कि उस समय पुल पर कोई वाहन नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल ग्रामीणों को आवाजाही में कठिनाई हो रही है।

ओडिशा में भूस्खलन, रेल मार्ग प्रभावित

चक्रवाती तूफान के कारण ओडिशा में तेज बारिश जारी है। केके रेल लाइन पर चिमड़पल्ली के पास भूस्खलन हुआ है, जिससे रेलवे ट्रैक पर चट्टान और मिट्टी धंस गई है। इस कारण रेल यातायात बाधित है। यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, हालांकि मालगाड़ियों की आवाजाही जारी है।

कल से मौसम सामान्य होने की उम्मीद

मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम सामान्य हो जाएगा। फिलहाल सरगुजा, बस्तर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।