टीआरपी डेस्क। Liquor Sale Record : इस वर्ष दीपावली ने न केवल बाजारों में रौनक बढ़ाई, बल्कि आबकारी विभाग का खजाना भी भर दिया है। इस त्योहारी सीजन में सिर्फ रायपुर जिले में ही महज 6 दिनों में करीब ₹61 करोड़ की शराब बेची गई है। यह बिक्री धनतेरस से लेकर भाईदूज के अगले दिन तक की अवधि में दर्ज की गई है।

6 दिन में दोगुनी हुई बिक्री

आबकारी विभाग के जिला अधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि सामान्य दिनों में रायपुर जिले में प्रतिदिन औसतन ₹5 करोड़ की शराब बिकती है, लेकिन दीपावली के दौरान बिक्री लगभग दोगुनी हो गई। उन्होंने कहा, त्योहार के मौसम में शराब की मांग तेजी से बढ़ी। 6 दिनों में लगभग ₹61 करोड़ की बिक्री हुई, जिससे विभागीय राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

धनतेरस के दूसरे दिन रिकॉर्ड बिक्री

त्योहार के दौरान धनतेरस के अगले दिन शराब की बिक्री ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस दिन ₹11 करोड़ 39 लाख 3 हजार 400 की शराब का विक्रय हुआ। इसके अलावा बाकी 5 दिनों में प्रतिदिन ₹8 से ₹10 करोड़ की बिक्री दर्ज की गई।

See also  रमेश सिंह: मनेन्द्रगढ़-विधानसभा चुनाव 2023

पिछले साल की अपेक्षा दिखी कमी

आबकारी विभाग ने यह भी बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार करीब 1% की कमी आई है। इसके बावजूद रायपुर जिला अभी भी छत्तीसगढ़ में शराब बिक्री में शीर्ष पर बना हुआ है।

शराब बिक्री में रायपुर फिर नंबर-1

Liquor Sale Record : आंकड़े बताते हैं कि रायपुर जिले में शराब उपभोग करने वालों की संख्या अन्य जिलों से कहीं अधिक है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि दीपावली, शादी और त्योहारी माहौल के कारण इस अवधि में शराब बिक्री में हर साल बढ़ोतरी देखने को मिलती है।