टीआरपी  डेस्क।  आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा क्षेत्र में स्थित निजी वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में रविवार को पूजा के दौरान भगदड़ मच गई। हादसे में नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह पूजा के समय मंदिर परिसर में अचानक भीड़ बढ़ने लगी, जिससे निकास द्वार पर अफरा-तफरी मच गई। लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे और कई श्रद्धालु कुचल गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

मुख्यमंत्री ने घटना पर जताया दुख

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह मंदिर निजी स्वामित्व में था और आयोजकों ने प्रशासन को कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी थी। सीएम नायडू ने कहा कि अगर समय रहते पुलिस को सूचित किया गया होता, तो सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जा सकते थे। उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

See also  44 दिन में राम मंदिर के लिए मिले 2100 करोड़, अनुमान से लगभग डेढ़ गुना ज्यादा इकठ्ठा हुआ चंदा, मुस्लिमों ने भी दिया दान

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों को बेहतर इलाज व राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने जनसेना कार्यकर्ताओं और विधायकों को मौके पर पहुंचने और पीड़ित परिवारों की सहायता करने के निर्देश दिए हैं। वहीं मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और सरकार घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा मुहैया करा रही है।

राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए हैं और शवों को उनके गांवों तक पहुंचाने के लिए विशेष एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मंदिर परिसर में अफरातफरी का माहौल नजर आया, जहां कई श्रद्धालु बेहोश पड़े थे। प्रशासन ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी करने की बात कही है।

See also  Petrol-Diesel Prices Hike: भारत में बढ़ सकती हैं पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कीमतें : सूत्र, पीएम मोदी की ईंधन बचाने की अपील के बाद संभावित बढ़ोतरी के संकेत