रायपुर।धमतरी जिले में स्थित राजा डेरा बांध आखिरकार टूट गया है। मगरलोड स्थित इस  बांध के टूटने से भारी मात्रा में पानी बेकार बह गया है। पानी आसपास के बड़े  इलाके के खेतों में घुसने से किसानों द्वारा काटकर सुखाई जा रही फसल बरबाद हो गई है। राजस्व और जल संसाधन विभागों का दावा है कि उनकी टीमें नुकसान के सर्वे के लिए निकल गई है।

मगरलोड स्थित राजाडेरा जलाशय का तटबंध अचानक टूट गया. बांध टूटने से पानी बाढ़ के रूप में निचले इलाकों के खेतों में घुस रहा है। जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है। किसानों ने सिंचाई विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

बांध टूटने से किसानों को फसल खराब होने की चिंता सताने लगी है। रविवार सुबह जलाशय के टेल एरिया के पास बांध टूट गया, जिससे बांध से लगे हुए नाले में बाढ़ की स्थिति आ गई। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले से बांध का उपरी भाग धंसा हुआ लग रहा था, लेकिन एकाएक बांध टूट जाएगा ऐसा किसी को अंदेशा नहीं था। राजाडेरा जलाशय टूट जाने से बांध के नीचे बसे गांव बेलरदोना, कोरगांव, शुक्लाभाठा, आमाचानी सहित दर्जनों गांव के किसान चिंतित हैं।

See also  दीपका नगर पालिका अध्यक्ष पद BJP की झोली में, लैलूंगा और पुसौर नगर पंचायत में भी भाजपा की जीत

करोड़ों की लागत से बनाया गया है बांध

यह बांध 10 वर्ष पूर्व 15 करोड़ की लागत से बनाया गया था। आसपास के बेलरदोना, कोरगांव, शुक्लाभाठा, आमाचानी सहित 11 गांवों के 17 सौ हेक्टेयर रकबे में खेतों की सिंचाई के लिए इस बांध को बनाया गया।

निर्माण काल से ही हो रहा है रिसाव

बता दें कि जलाशय का गेट निर्माण कार्य के कुछ ही वर्ष में क्षतिग्रस्त हो गया जिसे लीपा पोती कर सुधार किया गया था। जब से इस जलाशय का निर्माण हुआ है, तब से वहां से पानी का रिसाव हो रहा है। इस रिसाव को बंद करने शासन प्रशासन द्वारा काफी रकम खर्च की गई लेकिन सुधार नहीं आ सका।