रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 के अंतिम दिन नवा रायपुर का आसमान देशभक्ति और रोमांच के रंगों से सराबोर होने वाला है। भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team – SKAT) और आकाश गंगा पैराट्रूपर टीम आज नवा रायपुर के आसमान में अपने अद्भुत हवाई करतबों का प्रदर्शन करेंगी। यह एयर शो सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच नवा रायपुर (अटल नगर) स्थित सेंध तालाब के ऊपर आयोजित होगा। कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री साय शामिल रहेंगे।

हवाई करतबों से गूंजेगा नवा रायपुर का आसमान

सूर्यकिरण टीम के फाइटर प्लेन 100 फीट से लेकर 10 हजार फीट तक की ऊंचाई पर तेज गति से मनूवर करते हुए भारतीय वायुसेना की शौर्य गाथा का प्रदर्शन करेंगे। यह शो इस प्रकार तैयार किया गया है कि 10 से 15 किलोमीटर के दायरे में मौजूद लोग भी इसे स्पष्ट रूप से देख सकें और भारतीय वायुसेना की क्षमता व अनुशासन का अनुभव कर सकें।

See also  ACB-EOW Red: सुकमा में ACB-EOW की रेड, CPI नेता के रिश्तेदार के ठिकानों पर सुबह-सुबह पहुंची अफसरों की टीम

15 साल बाद रायपुर में दोबारा सूर्यकिरण का प्रदर्शन

सूर्यकिरण टीम में हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा निर्मित हॉक मार्क 132 विमान शामिल हैं। इन विमानों का उपयोग फाइटर पायलटों के प्रशिक्षण के लिए भी किया जाता है। रायपुर में सूर्यकिरण टीम का पिछला प्रदर्शन 15 वर्ष पूर्व हुआ था, जब टीम ने सूर्यकिरण मार्क-2 फाइटर प्लेन से रोमांचक उड़ानें भरी थीं।

रिहर्सल में दिखे रोमांचक करतब

राज्योत्सव से एक दिन पहले मंगलवार को वायुसेना की पूरी टीम ने सेंध तालाब के ऊपर रिहर्सल की। इस दौरान बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने एयर शो की झलक देखी। टीम के सदस्यों ने लूप्स, रोल्स, हार्ट शेप और ट्रेल कलर्स जैसे करतबों से दर्शकों का मन मोह लिया।