टीआरपी डेस्क। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने डीवाई पाटिल स्टेडियम में साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। आईसीसी टूर्नामेंट में महिला टीम द्वारा यह पहला विश्व खिताब है, जिसने पूरे देश में जश्न का माहौल बना दिया है।
टीम इंडिया के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के सम्मान में टाटा मोटर्स ने बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने कहा है कि भारतीय टीम की सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को विशेष उपहार के रूप में करीब 25 लाख रुपये कीमत वाली टाटा सिएरा एसयूवी दी जाएगी। यह जानकारी टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड के एमडी और सीईओ शैलेश चंद्रा ने साझा की।
उन्होंने कहा कि भारतीय महिला टीम ने दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के साथ देश को गर्व का पल दिया है। इसी सम्मान में कंपनी खुशी के साथ खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को नई टाटा सिएरा उपहार स्वरूप दे रही है। सिएरा भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग में एक प्रतिष्ठित नाम रही है और इसका नया संस्करण उसी विरासत को आधुनिक रूप में प्रस्तुत करता है।
टाटा मोटर्स के अनुसार, खिलाड़ियों को जो सिएरा एसयूवी प्रदान की जाएगी, वह इसका टॉप-एंड मॉडल होगा। नई सिएरा में आधुनिक डिजाइन के साथ 90 के दशक के क्लासिक ‘रैप-अराउंड’ लुक की झलक दिखाई देगी। इसमें ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड, लेवल-2 एडीएएस, पैनोरमिक सनरूफ जैसी उन्नत सुविधाएं शामिल होंगी। मॉडल का 1.5 लीटर टर्बो डीजल इंजन बाद में उपलब्ध कराया जाएगा।
कंपनी ने बताया कि नई सिएरा एसयूवी की कीमत 13.50 लाख रुपये से 24 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच होगी और यह 25 नवंबर को भारत में लॉन्च की जाएगी।


