टीआरपी। Governor Ramen Deka : विद्यार्थी काल जीवन का एक बहुत सुंदर पड़ाव है। जब आप कॉलेज से निकलते हैं उसके बाद ही आपका संघर्ष प्रारंभ होता है। जीवन में कम से कम एक काम ऐसा करिए जो लाभ के लिए न हो बल्कि समाज में बदलाव के लिए हो। समाज आपकी ओर आशा भरी निगाहों से देख रहा है उसके लिए काम करें। हमारा एक-एक प्रयास भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की ओर आगे बढ़ाएगा। उक्त विचार राज्यपाल रमेन डेका ने ऑफ्ट विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में व्यक्त किया। राज्यपाल ने 324 विद्यार्थियों को उपािधयां प्रदान की। इनमें 65 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
समय का सदुपयोग करें
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की संभावनाएं हैं। देखे, सोचे और अवसर का उपयोग करें। अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मजबूत इच्छाशक्ति होना जरूरी हैं। अनुशासन और समय का पाबंद होना प्रबंधन का महत्वपूर्ण भाग है। अपने समय का सदुपयोग करें अपनी क्षमता और योग्यता का विकास करें। अपने स्वास्थ्य पर भी ध्यान दें, क्योंकि शरीर स्वस्थ रहेगा तभी पूर्ण क्षमता से कार्य कर पाएंगे।
सिनेमा से दें बेहतर संदेश
राज्यपाल ने सिनेमा, फोटोग्राफी, फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में भी विस्तृत संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सिनेमा के माध्यम से समाज में बेहतर संदेश दिया जा सकता है।
समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि शिक्षा तभी सार्थक होती है जब वह व्यक्ति को दायित्व एवं नवाचार के लिए प्रेरित करती है। यह समारोह केवल उपाधियाँ प्रदान करने का अवसर नहीं है; यह कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता का उत्सव है। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. संदीप मारवाह, विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के चेयरमेन वी.के. गोयल ने भी अपना संबोधन दिया। विश्वविद्यालय की संचालक प्रोफेसर शिखा वर्मा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।



