टीआरपी। Congress spokesperson Pawan Khera : बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान के बाद कांग्रेस ने पुनः चुनाव में गड़बड़ी की बात दोहराई है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा है कि बिहार राज्य में “गुंडाराज और भ्रष्टाचार” की स्थिति है , और जनता बदलाव चाहती है। मतदाताओं का गुस्सा ईवीएम में दिखाई देगा।
पटना बिहार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि बिहार के मतदाता एनडीए सरकार से नाराज है और मतदाताओं का गुस्सा ईवीएम में मतदान के जरिए दिखाई देगा। खेड़ा ने चुनाव आयोग पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए कहा है कि आयोग मृतकों की तरह व्यवहार कर रहा है, जबकि चुनाव में भारी अनियमितता हो रही है।
शिकायतों को आयोग ने किया नजरअंदाज
खेड़ा का कहना है कि कांग्रेस के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओ ने 89 लाख से अधिक शिकायत की है, लेकिन चुनाव आयोग ने शिकायतों को नज़रअंदाज़ कर दिया है। बिहार में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया पूरी तरह से अनुचित और पक्षपातपूर्ण रही है।लाखों नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं। खेड़ा ने मांग की है कि इस प्रक्रिया को फिर से संचालित किया जाए ताकि हर वैध मतदाता का नाम सूची में शामिल हो सके। कांग्रेस का जोर इस बात पर है कि चुनाव सिर्फ विकास का नहीं बल्कि जवाबदेही और पारदर्शिता का सवाल है। प्रवक्ता ने ने कैग (CAG)रिपोर्ट का हवाला देते हुए राज्य सरकार पर बड़े वित्तीय घोटाले का भी आरोप लगाया है।


