टीआरपी डेस्क। कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कभी वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव के खिलाफ विवादित बयान देकर चर्चा में आए बृहस्पति सिंह ने अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं।

सिंह ने राहुल गांधी के संगठन सृजन अभियान पर सवाल खड़े करते हुए दावा किया कि प्रदेश सह प्रभारी जरिता लैतफलांग के नाम पर जिलाध्यक्ष बनाने के लिए पैसे मांगे जा रहे हैं। उनका कहना है कि सरगुजा संभाग में जिलाध्यक्ष पद के संभावित उम्मीदवारों को अज्ञात नंबरों से फोन आ रहे हैं, जिनमें उन्हें पद दिलाने का वादा कर पैसों की मांग की जा रही है।

बृहस्पति सिंह ने कहा, अब कांग्रेस में विचारधारा नहीं, रुपयों का बोलबाला है। पार्टी में पदों की सौदेबाजी आम हो चुकी है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि संगठन में ईमानदारी और विचार की जगह अब पैसों ने ले ली है।

कांग्रेस से निष्कासन के बाद बृहस्पति सिंह पहले ही नई पार्टी बनाने का ऐलान कर चुके हैं। उन्हें कुछ महीने पहले पार्टी-विरोधी गतिविधियों के आरोप में बाहर किया गया था। सिंह का कहना है कि उनकी नई पार्टी सरगुजा और उत्तर छत्तीसगढ़ में सक्रिय रहेगी और जनता तथा कार्यकर्ताओं की आवाज बनेगी।

See also  CG Corona Update: जिला अस्पताल के 4 डॉक्टर मिले कोरोना पॉजिटिव

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मंत्री शिव डहरिया ने कहा, बृहस्पति सिंह अब कांग्रेस का हिस्सा नहीं हैं। उन्हें इस तरह की निराधार और मनगढ़ंत बातें नहीं करनी चाहिए।