टीआरपी डेस्क। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद स्थित एक डॉक्टर के आवास से 300 किलोग्राम आरडीएक्स बरामद किया है। साथ ही एक एके-47 राइफल सहित कई हथियार भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि किसी बड़े आतंकी हमले की योजना बनाई जा रही थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने डॉक्टर आदिल से कई घंटों तक पूछताछ की, जिसमें कई महत्वपूर्ण खुलासे हुए। गिरफ्तारी के बाद डॉक्टर आदिल ने साजिश से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कीं। इससे पूर्व कश्मीर में उनके लॉकर से एके-47 राइफल और अन्य हथियार बरामद हो चुके थे। वर्तमान में डॉक्टर आदिल से लगातार पूछताछ जारी है ताकि साजिश के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क में कश्मीर निवासी डॉक्टर मुजमिल भी शामिल था। फरीदाबाद में हथियार और गोला-बारूद का जखीरा मुजमिल ने ही छिपाया था। दोनों डॉक्टर इस समय जम्मू-कश्मीर पुलिस की हिरासत में हैं और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

See also  इस जनपद उपाध्यक्ष के घर में मिला 310 क्विंटल धान, कलेक्टर और सीईओ ने की छापामार कार्यवाही

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस आतंकी साजिश में कई अन्य व्यक्ति भी संलिप्त हो सकते हैं। जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है। 300 किलोग्राम आरडीएक्स की भारी मात्रा को देखते हुए बड़े स्तर के हमले की आशंका जताई जा रही है।

यह पहला मौका नहीं है जब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ऐसे खुलासे किए हों। पिछले कुछ दिनों में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है और घुसपैठ के कई प्रयास नाकाम किए गए हैं। चूंकि साजिश के तार दिल्ली-एनसीआर से जुड़े हैं, इसलिए केंद्रीय जांच एजेंसियां भी पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं।