0 उपराष्ट्रपति के हाथों अंतरित राशि भी नहीं मिली
रायपुर। महतारी वंदन योजना के तहत दी जाने वाली राशि कुछ महीनों से अनियमित रूप से बंट रही है। कई हितग्राही महिलाओं ने शिकायत की है कि उनके खाते में राशि नहीं आ रही है। कुछ को तीन महीने से और कुछ को नवंबर की राशि नहीं मिली है। नवंबर की यह किश्त, राजनांदगांव से उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने बटन दबाकर अंतरित किया था।
महिलाओं का कहना है कि विभागीय वेबसाइट पर चैक भी नहीं कर पा रहीं हैं क्योंकि वेबसाइट अक्सर बंद रहता है। कुछ ने बताया कि उन्हें केवायसी अपडेट का मैसेज आ रहा है, इसके लिए साइट खोलने पर वह ओपन नहीं हो रहा है। साइट में फरवरी 24 की ही जानकारी से संबंधित साइड विंडो खुलती है। इसके लिए महिला बाल विकास विभाग के रायपुर पूछताछ केंद्र (कंट्रोल रूम) का नंबर 7247753212 भी स्विच ऑफ बताता है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शुरू की गयी महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 69 लाख से अधिक पात्र महिलाओं को हर माह 1-1000 रूपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है लेकिन अभी हाल ही में रिपोर्ट के मुताबिक 4.18 लाख महिलाओ ने अभी तक अपना ई-केवाईसी नहीं पूरा करवाया है, इसलिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी जिलो को निर्देश दिया है की जितने भी आंगनववाड़ी कार्यकर्ता हैं उन सभी को सभी महिलाओ के घर घर जाकर केवाईसी पूरी करेगी। इस निर्देश के बावजूद ये कार्यकर्ता भी नहीं आ रहीं।



