टीआरपी डेस्क। Cash Seized : बालोद पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए बालोद-धमतरी सीमा पर एक संदिग्ध कार से करोड़ों रुपए की नगद राशि जब्त की है। प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि कार से ₹3 करोड़ से अधिक की रकम बरामद हुई है। कार महाराष्ट्र की (MH 04 MA 8035) की बताई जा रही है, जिसमें सीटों के नीचे गुप्त लॉकर बनाकर नगद छुपाया गया था। दोनों कार सवारों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि रायपुर से एक कार बड़ी मात्रा में नगद लेकर महाराष्ट्र की ओर जा रही है। सूचना मिलते ही जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी की गई। कुसुमकसा थाना क्षेत्र में कार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान सीट के नीचे बने सीक्रेट लॉकर से नोटों की गड्डी बरामद की गई।

See also  निर्भया केसः अब दोषी मुकेश ने हाईकोर्ट से डेथ वॉरंट रद्द करने की मांग की, फांसी में 7 दिन शेष

हवाला कनेक्शन की आशंका

मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग और खुफिया एजेंसियों को भी सूचना दे दी गई है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी रकम के स्रोत और गंतव्य के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। पुलिस को संदेह है कि यह रकम हवाला कारोबार या अवैध लेन-देन से जुड़ी हो सकता है।

पुलिस की जांच जारी

Cash Seized : बालोद SP ने बताया कि दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके मोबाइल फोन और दस्तावेज जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क की कड़ियों को रायपुर और महाराष्ट्र तक जोड़ने की कोशिश कर रही है। जांच पूरी होने के बाद बरामद रकम और आरोपियों के बारे में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।