टीआरपी डेस्क। भूटान की दो दिवसीय यात्रा से लौटते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली एयरपोर्ट से सीधे LNJP अस्पताल पहुंचकर लाल किला मेट्रो ब्लास्ट में घायल लोगों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ितों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया और डॉक्टरों की टीम से भी बातचीत की। अस्पताल से निकलते हुए पीएम ने दोहराया कि षड्यंत्रकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
आज प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक भी होगी। भूटान दौरे के दौरान ही पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आतंकी साजिश के खिलाफ कड़ा रुख जाहिर किया था।
NIA को सौंपी गई जांच, UAPA सहित कई धाराओं में केस दर्ज
दिल्ली पुलिस ने लाल किला मेट्रो स्टेशन के निकट हुए विस्फोट में UAPA की धारा 16 और 18, विस्फोटक अधिनियम तथा BNS की संबंधित धाराओं के तहत कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया है। पूरी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई है।
कार में सवार था आतंकी डॉ. उमर?
सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि विस्फोटक से लैस हुंडई i20 कार में पुलवामा निवासी आतंकी डॉ. उमर सिद्दीकी मौजूद था। उमर ने 2017 में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज श्रीनगर से MBBS किया था और हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी में पढ़ाता था।
NIA ने अल-फलाह यूनिवर्सिटी, धौज, फतेहपुर तगा, फरीदाबाद तथा जम्मू-कश्मीर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की है। कार में सवार व्यक्ति की पहचान के लिए डीएनए सैंपल की जांच चल रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा
विस्फोट में मारे गए 12 लोगों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कान के पर्दे फटने, फेफड़े और आंतें क्षतिग्रस्त होने, हड्डियां टूटने तथा सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। अधिकांश मौतें आंतरिक रक्तस्राव और ब्लास्ट वेव की गहरी चोट से हुईं।


